जींद। हनुमान जी के मंदिर में प्रसाद बांटने जा रही बुजुर्ग महिला को उसके ही घर में बंधक बनाकर युवक ने चाकू की नोंक पर सोने-चांदी के गहने और नकदी लूट ली। शहर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बुजुर्ग महिला आशा लता ने बताया कि वह डाकखाने में लोगों के पैसे जमा करवाने का काम करती है और घर में अकेली रहती है। मंगलवार रात में वह घर से बाहर मंदिर में हनुमान जी का प्रसाद बांटने के लिए जा रही थी। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया और पेट में चाकू लगाकर उसे घर के अंदर ले गया। युवक ने उसे बंधक बनाकर उसके नाक, कान व गले में पहने सोने के गहने निकाल लिए। कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा खुलवाकर उसके अंदर रखे 1500 रुपये निकल लिए। महिला ने कहा कि युवक ने इस बारे में किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।