राशन कार्ड नहीं बनने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को जुलाना में जींद-रोहतक मार्ग को जाम कर दिया। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम को खोला।
नए राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करवाने के लिए जुलाना और आस पास के गांवों मे सैकड़ों लोग जब अल सुबह ही खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय पहुंचे तो वहां पर उन्हें कोई कर्मचारी नहीं मिला, जिससे लोग नाराज हो गए और जींद रोहतक मार्ग पर खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के सामने जाम लगा दिया। करीब आधा घंटा तक मार्ग पर जाम लगा रहा। सैकड़ो वाहन चालक जाम में फंस गए। सूचना पाकर जुलाना थाना प्रभारी चंद्रभान और मंडी चौकी इंचार्ज कृष्ण खर्ब मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
इस पर पुलिस ने डीएफएससी से बात की और लोगों की समस्या के समाधान के बारे में गुहार लगाई। बुढ़ा खेड़ा निवासी विजय पाल, ईश्वर, सुल्तान, विनोद ने कहा कि वो पिछले छह महीने से राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उनका कोई समाधान नहंीं हो रहा है। हर बार उन्हें कोई न कोई कमी निकाल कर चलता किया जा रहा है। जिससे उन्हें न तो राशन दिया जा रहा है और न ही आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है।
केवल एक कर्मचारी के भरोसे खाद्य एंव पूर्ति कार्यालय
खाद्य और कार्यालय में लोगों की भीड़ लगातार जुट रही है। लेकिन वहां पर उन्हें कर्मचारी नदारद मिलते हैं। कार्यालय में चार कर्मचारी हैं। जिनमें से दो मंडी के कार्य में व्यस्त हैं। कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड पर लिखा गया है कि कंप्यूटर ऑपरेटर छुट्टी पर है। कृपया अगले हफ्ते कार्यालय में संपर्क करें। कार्यालय में केवल एक इंस्पेक्टर शमशेर सिंह मिले जो किडनी की बीमारी से ग्रस्त है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का कार्यालय एक कर्मचारी के सहारे चल रहा है।
चोट लगने के कारण छुट्टी पर है ऑपरेटर
कंप्यूटर ऑपरेटर को चोट लगने के कारण वह छुट्टी पर चला गया था। इस लिए दूसरे ऑपरेटर को वहां पर काम करने के लिए लगाया गया है। लोगों का काम सामान्य रूप से हो रहा है। किसी को कोई परेशानी नही हो रही है। सभी कर्मचारी मौके पर मौजूद है और काम कर रहे हैं। -राकेश कुमार आर्य, डीएफएससी, जींद।