गांव मलार के खेतों में शुक्रवार देर शाम को किसान की गोली मारकर हत्या के मामले में ग्रामीणों ने बुढ़ाखेड़ा गांव के पास जींद-पानीपत मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों का सुराग लगाकर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मलार में गांव में पिछले कई दिनों से कई चोरी व आपराधिक वारदात हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने एक भी मामले को नहीं सुलझाया है।
जाम की सूचना पाकर सफीदों डीएसपी हरेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए और हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए दो दिन का समय मांगा।
इस पर ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हो गए। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर दो दिन में हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया तो वह अनिश्चितकाल के लिए पिल्लूखेड़ा थाना के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे। मार्ग लगभग एक घंटे बाधित रहने से वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
गांव मलार निवासी किसान बलराज यादव का शुक्रवार देर शाम को खेतों से लौटते समय बाइक सवार तीन युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को जब सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा रही थी तो इसी दौरान ग्रामीण गांव में इकठ्ठा हो गए। इस पर ग्रामीणों का कहना है किसान बलराज यादव की हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई है और हत्या को हुए बीस घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है, लेकिन पुलिस अब तक हत्यारों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया है।
किसान बलराज यादव की हत्या से पहले भी गांव में पहले भी कई वारदात को चुकी है, लेकिन पुलिस मामले को सुलझा नहीं पाई है।
हत्या के इस मामले में भी पुलिस का रवैया ढीला है। इसके बाद ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार होकर गांव बुढ़ाखेड़ा के बस अड्डे पर पहुंच गए और वहां पर जींद-पानीपत मार्ग के बीच में बैठकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पाकर डीएसपी हरेंद्र कुमार, सफीदों थाना प्रभारी सज्जन कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों से लगभग एक घंटे बातचीत की और डीएसपी ने आश्वासन दिया कि पुलिस को इस मामले में दो दिन का समय दिया जाए। इस पर ग्रामीण तैयार हो गए और जाम खोल दिया।
संदेह के आधार पर गांव के तीन लोगों पर मामला दर्ज
मृतक किसान बलराज यादव के परिजन दलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बलराज का कुछ समय पहले गांव के ही एक परिवार के साथ कहासुनी हो गई थी और उसके बाद से रंजिश रखे हुए था।
उन्होंने संदेह जताया कि उसके बलराज की गांव मलार निवासी सुनील उर्फ सीलू, रोहताश व धर्मबीर ने गोली मारकर हत्या की है।
पुलिस ने शक के आधार पर तीनों के खिलाफ हत्या तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले से ही रास्ते में कर रहे थे इंतजार
पुलिस के अनुसार हत्यारोपी युवक कई देर से रास्ते के पास ही खेतों बने ट्यूबवेल के कमरे के पास बैठे हुए थे। जब बलराज यादव साइकिल पर आता देखा तो युवक वहां से मार्ग पर आ गए और पास आते ही उसे पकड़ लिया।
इस दौरान हत्यारों ने पहले फायर किया, लेकिन गोली उसे नहीं लगी। बाद में हत्यारों ने पकड़कर उसकी छाती से सटाकर गोली मार दी और बाइक से फरार हो गए। हत्यारे चेहरे को ढाके हुए थे।
मृतक के जीजा पर भी हत्या का शक
किसान बलराज यादव के परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस इस मामले में मृतक के जीजा को भी शक के दायरे में देख रही है।
पुलिस के अनुसार बलराज की एक बहन थी और वह झज्जर जिले के एक गांव में शादीशुदा थी, लेकिन कई वर्ष पहले उसकी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस दौरान मृतक की बहन के नाम जमीन थी और उस जमीन को लेकर बलराज तथा उसके जीजा के बीच में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस को आशंका है कि शायद हत्या के मामले में बलराज का जीजा भी हत्या में शामिल हो सकता है।
बलराज हत्या कांड मामले में पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मनदीप ने कहा है पुलिस ने मृतक के चाचा सुंदर सिंह फौजी की शिकायत पर शक के आधार पर गांव मलार निवासी सुनील उर्फ सीलू, रोहताश तथा धर्मबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले में पूरी गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरा मामला सामने आ पाएगा।