जाट आरक्षण संघर्ष समिति सोमवार को नई अनाज मंडी में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। इसमें समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक भी शिरकत करेंगे। संघर्ष समिति का कहना है कि 19 मार्च को सरकार के साथ दिल्ली में हुई बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी थी। इसमें पिछले साल फरवरी में जान गंवाने वाले लोगों को पक्की नौकरी, जेल में बंद युवाओं की रिहाई व जाट आरक्षण की दिशा में सरकार का काम शामिल था। सरकार ने 50 दिन में मांगें पूरी करने की बात कही थी, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। इसके चलते संघर्ष समिति ने नए आंदोलन की रूप रेखा बनाई है। समिति का दावा है कि जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जिला के हर गांव से लोग शिरकत करेंगे।
मांगें पूरी करे सरकार
सरकार ने समिति के साथ मांगों पर सहमति बनाने के बाद भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। समिति टकराव नहीं चाहती, लेकिन सरकार की मंशा सही नहीं है। आज भी 37 युवा जेलों में बंद हैं। बहुत सारे लोगों पर झूठे केस दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसके लिए अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। -कैप्टन रणधीर सिंह चहल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति।