स्वच्छता के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का आंकलन करने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण का तिमाही का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। इसमें जींद शहर की सफाई की हालत सुधरी है। हालांकि अभी भी स्वच्छता के लिए काफी काम करना बाकी है। वहीं चार जनवरी से फिर से स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होगा। इसके लिए नगर परिषद ने तैयारी शुरू कर दी है।
वर्ष 2019 में अप्रैल, मई और जून महीने के स्वच्छता सर्वेक्षण में जींद शहर की रैंक 65वीं थी, जबकि जुलाई अगस्त व सितंबर की रैंकिंग में 62वीं है। यह रैंकिंग स्वच्छता के लिए किए गए प्रयासों के आधार पर दी गई है। इसमें शहर में कूड़ा उठाने की स्थिति, सफाई की स्थिति, कूड़े की छंटाई और निष्पादन जैसे कामों का आकलन किया गया है। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार जनवरी माह में होने वाले सर्वेक्षण में और बेहतर परिणाम आएंगे।
ऑनलाइन हुआ सर्वेक्षण
नगर परिषद के स्वच्छता निरीक्षक अशोक सैनी के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर यह सर्वेक्षण जनसंख्या के आधार पर शहरों को श्रेणी में बांटकर किया गया। जींद एक से दस लाख की आबादी वाले शहरों में आता है। इनमें प्रदेश के 18 शहरों को शामिल किया गया। जींद शहर प्रथम तिमाही में छठे व दूसरी तिमाही में पांचवें स्थान पर रहा है। यह सर्वे ऑनलाइन हुआ है। इसमें नगर परिषद द्वारा स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों को दस्तावेज अपलोड किए जाते हैं।
रात को सफाई और कूड़े का उठान
नगर परिषद ने सफाई के लिए काफी काम किया है। इसके तहत रात को सफाई की गई। घर-घर से कूड़े का उठान किया गया। गीले व सूखे कूड़े की छंटाई कर उसे अलग किया गया। इससे कूड़े का निष्पादन बेहतर होता है। इसके आधार पर रैंकिंग सुधरी है। अगले सर्वेक्षण में जींद को देश के टॉप 50 शहरों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इससे प्रदेश में भी स्थिति सुधरेगी।
अशोक सैनी, स्वच्छता निरीक्षक, जींद नगर परिषद।
नरवाना की रैंकिंग बिगड़ी
स्वच्छता सर्वेक्षण में नरवाना की स्थिति बिगड़ी है। प्रथम तिमाही में नरवाना की रैंक 15वीं रही, जो दूसरी तिमाही में 31वीं हो गई। वहीं सफीदों की हालत काफी सुधरी है। प्रथम तिमाही के परिणाम में यह 64वें स्थान पर रहा, जबकि दूसरी तिमाही में प्रदेश में आठवें स्थान पर आ गया। उचाना ने भी सफाई के मामले में अच्छा सुधार किया है। प्रथम तिमाही में उचाना 149वें स्थान पर था, जो दूसरी तिमाही में 51वें स्थान पर है। इसी प्रकार जुलाना नगरपालिका क्षेत्र पहली तिमाही में 293वें व दूसरी में 83वें स्थान पर आ गया है।
फोटो नंबर