जिले से रियो में खेलने गए कुश्ती खिलाड़ी हरदीप ढिल्लों अपने शुरुआती मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद हार गए। हरदीप के हारने से परिवार में निराशा छा गई। डाहौला गांव निवासी हरदीप ढिल्लों का 98 किलोग्राम भार वर्ग में मंगलवार सायं मुकाबला हुआ। हरदीप का मुकाबला देखने के लिए परिवार और आसपास के लोग टीवी पर नजरें जमाए बैठे थे। कड़े मुकाबले में हरदीप ढिल्लों ने कड़ा संघर्ष किया। लेकिन वह अपनी प्रतिद्वंद्वी से 2-1 से हार गए, जिससे पूरे परिवार में निराशा छा गई।
हरदीप के पिता दिलबाग ढिल्लों ने बताया कि उनका बेटा काफी संघर्ष और कड़ी मेहनत के बाद इस मुकाम पर पहुंचा है। बेटे के पहले मुकाबले में हार से निराशा तो है, लेकिन खेल के सबसे बड़े मंच ओलंपिक में चयन होना अपने आप में बड़े गर्व की बात है। चाहे वह मुकाबला क्यों न हार गया हो, लेकिन उन्होंने सभी देशवासियों के दिल अपने खेल से जीते हैं। हरदीप ढिल्लों का परिवार नरवाना रोड स्थित राजेंद्र नगर में रहता है। हरदीप ढिल्लों का पहली बार कुश्ती में रियो ओलंपिक के लिए चयन हुआ है।