एक तरफ तो स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं की डिलिवरी के दौरान जननी व शिशु की मृत्युदर को कम करने के लिए नई-नई योजनाएं लागू कर रही हैं, लेकिन वहीं दूसरी तरफ शहर के नागरिक अस्पताल में डिलिवरी के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को सही तरीके से उपचार नहीं मिल रहा है। मंगलवार को नागरिक अस्पताल में डिलिवरी के लिए आई एक निशक्त गर्भवती महिला के साथ भी ऐसा ही मामला देखने को मिला। नागरिक अस्पताल में डिलिवरी के लिए आई निशक्त गर्भवती महिला को अस्पताल के स्टाफ ने दाखिल करने की बजाए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
जबकि महिला के साथ आए परिजन अस्पताल के स्टाफ से बार-बार डिलिवरी के लिए महिला को दाखिल करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन अस्पताल स्टाफ के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
गांव काब्रच्छा निवासी प्रदीप ने बताया कि उसकी पत्नी पूनम निशक्त होने के कारण सही तरीके से चल-फिर नहीं सकती। प्रदीप ने बताया कि गर्भवती होने के बाद से ही उसकी पत्नी का उपचार नागरिक अस्पताल से चल रहा है। कुछ दिन पहले भी वह अपनी पत्नी का अस्पताल में चेकअप करवाकर गया था।
प्रदीप ने बताया कि मंगलवार को जब वह अपनी पत्नी को डिलिवरी के लिए अस्पताल लेकर आया तो अस्पताल के स्टाफ ने उसकी पत्नी को यहां दाखिल करने की बजाए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। उन्होंने अस्पताल के स्टाफ से उसकी पत्नी को डिलिवरी के लिए यहां दाखिल करने की काफी मिन्नतें की, लेकिन अस्पताल स्टाफ काफी देर तो उन्हें अस्पताल में इधर-उधर दौड़ाता रहा और बाद में उसकी पत्नी को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। काफी मिन्नतों के बाद भी जब अस्पताल स्टाफ ने उनकी नहीं सुनी तो वह गुहार लगाने के लिए अस्पताल के उच्च अधिकारियों के दरवाजे पर पहुंचे। इसके बाद वह काफी देर तक अधिकारियों से मिलने के लिए इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन किसी ने भी उन्हें अधिकारियों से मिलने नहीं दिया। इसके बाद मजबूरन मुझे अपनी पत्नी को डिलिवरी के लिए बाहर ले जाना पड़ा।
मेरी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। अगर इस तरह का मामला हुआ है, तो इसका पता लगाया जाएगा। यदि अस्पताल स्टाफ की तरफ से इस तरह की लापरवाही की गई है, तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डॉ. प्रभुदयाल, डिप्टी सिविल सर्जन
नागरिक अस्पताल, जींद