नरवाना। 9वीं सब जूनियर और 19वीं जूनियर मेन और पहली मास्टर्स हरियाणा राज्य हॉकी चैंपियनशिप का मंगलवार को नवदीप स्टेडियम में आगाज हुआ। यह प्रतियोगिता को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को समर्पित की गई।
उद्घाटन समारोह में खेल प्रेमी राजीव पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। यह प्रतियोगिताएं 28 जनवरी तक चलेगी। सब जूनियर वर्ग के मुकाबलों में जींद और कुरुक्षेत्र की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें जींद ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुरुक्षेत्र को 3–1 से पराजित किया।
इसके बाद खेले गए दूसरे सब जूनियर मुकाबले में सोनीपत और कैथल के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। सोनीपत ने सधी हुई रणनीति के दम पर कैथल को 3–0 से हराकर जीत दर्ज की। जूनियर मेन वर्ग में सोनीपत और भिवानी की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में सोनीपत ने बेहतरीन तालमेल और तेज आक्रमण के सहारे चार गोल दागते हुए शानदार जीत हासिल की, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्टेडियम इंचार्ज संदीप गोयत ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं है, यह अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास सिखाता है। हार से घबराने के बजाय उससे सीख लें और देश व प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प लें। प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम में खेल प्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ रही।
मास्टर्स हरियाणा राज्य हॉकी चैंपियनशिप
-कुरुक्षेत्र और भिवानी आमने-सामने रहे जिनमें से शूटआउट से कुरुक्षेत्र ने 4 –3 से जीत हासिल की।
-हिसार और जींद के बीच हुए मुकाबले में जींद ने 1–0 से जीत हासिल की।
-कुरुक्षेत्र और सोनीपत के बीच हुए मुकाबले में सोनीपत ने 6–1 से जीत हासिल की।
-रोहतक में जींद के बीच हुए मुकाबले में रोहतक ने 3–1 से जीत हासिल की।
-तीसरी वह चौथी पोजीशन के लिए जींद और कुरुक्षेत्र के बीच मैच खेला गया जिसमें 3–1 से कुरुक्षेत्र ने जीत हासिल की।
-फाइनल मुकाबले में सोनीपत और रोहतक आमने-सामने रहे जिसमें सोनीपत ने 3–1 के अंतर से जीत हासिल की।