लंबे इंतजार के बाद सीबीएसई का 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम रविवार को घोषित हो गया। इससे विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। जिले भर में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम में इंडस स्कूल के दो विद्यार्थियों ने जिले में टॉप किया। वहीं अलग-अलग स्कूल परीक्षा परिणाम पर अपने-अपने दावे कर रहे हैं। परीक्षा परिणाम के साथ ही विद्यार्थी अब भविष्य की योजना में जुट गए हैं।
शनिवार से ही विद्यार्थी परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे थे। रविवार सुबह परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों ने खुशी मनाई। परीक्षा परिणाम में इंडस पब्लिक स्कूल के छात्र निपुण जैन ने कॉमर्स संकाय में 98.4 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मेडिकल संकाय में भी छात्रा सूक्ष्म ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपना परचम लहराया। नॉन मेकिडकल सौम्या ने 96 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्या अरुणा शर्मा ने बताया कि स्कूल के 266 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी। इसमें 43 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त किए, 144 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। प्राचार्या के अनुसार इकोनॉमिक्स में 100, म्यूजिक में 100, बिजनेस में 99, फिजिक्स में 98, बॉयोलोजी में 98, गणित में 98, अंग्रेजी में 98, एकाउंट में 97, फिजिकल एजुकेशन में 97, केमेस्ट्रिी में 96 उच्चतम अंक रहे।
वहीं डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल के 42 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। 121 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक, 154 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक तथा 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 250 विद्यार्थी रहे। नॉन मेडिकल में पूजा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, अक्षत ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान, कार्तिक ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेडिकल में रिया ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, तुषार ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। डिंपल ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉमर्स में गौरव ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, अर्जित ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान, रिया ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसमें से 17 बच्चों ने संगीत विषय में 100 अंक प्राप्त किए।
डॉक्टर बन सेवा करना चाहती हैं सूक्ष्म
इंडस स्कूल की छात्रा सूक्ष्म के अनुसार वह डॉक्टर बनाना चाहती हैं। सूक्ष्म के पिता सरकारी शिक्षक हैं और मां गृहणी हैं। सूक्ष्म के अनुसार वह डॉक्टर बन कर लोगों की सेवा करना चाहती है।
सीए बनना चाहते हैं निपुण
98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले निपुण जैन के अनुसार वे सीए बनना चाहते हैं। निपुण के पिता व्यवसायी हैं और मां गृहणी हैं। निपुण के अनुसार कड़ी मेहनत कर उन्होंने अच्छा परिणाम पाया है। इसका श्रेय उन्होंने शिक्षकों और परिजनों के सहयोग को दिया।
आईआईटी प्री परीक्षा पास कर चुकी हैं सौम्या
96 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सौम्या ने आईआईटी की प्री परीक्षा पास की है। सौम्या के अनुसार वह कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहती हैं। सौम्या ने कहा कि बेटियों को पढ़ाई का पूरा मौका देना चाहिए।