गांव मनोहरपुर में बिजली का फाल्ट ठीक करने गए जेई पर हमला कर एक युवक ने उन्हें घायल कर दिया। साथी कर्मचारियों ने जेई को इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बिजली निगम के एसडीओ ने सदर थाने में युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जेई से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी है। पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिल्लूखेड़ा सबस्टेशन पर मंगलवार को किसी ने शिकायत दर्ज कराई मनोहरपुर गांव में फाल्ट हो गया है। इस पर सबस्टेशन के जेई महाबीर साथियों के साथ फाल्ट ठीक करने मनोहरपुर गांव पहुंचे। जेई महाबीर ने बताया कि फाल्ट को ठीक कराने के दौरान गांव का रोहित उर्फ लाला मौके पर आया और बहस करने लगा। जब उससे कहा गया कि अभी काम हो रहा है, परेशान न करो तो वह उलझ गया। विरोध करने पर वह गालीगलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर रोहित ने हमला कर घायल कर दिया। काम कर रहे बिजली निगम के कर्मी जब तक उसे पकड़ते वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। महाबीर ने बताया कि साथियों ने उन्हें उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जेई मामले की जानकारी एसडीओ कुलदीप को दी। एसडीओ ने सदर थाना में गांव मनोहरपुर निवासी रोहित उर्फ लाला के खिलाफ जेई से मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की शिकयत दी है। पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।