संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। लेह लद्दाख में सेना की गाड़ी खाई में पलटने की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए जिले के ढिगाना निवासी जवान अनुज को सोमवार को रेफर कर पंचकूला स्थित कमांड अस्पताल में पहुंचाया गया। उनको देखने के लिए सोमवार की सुबह चाचा राजबीर, भाई और बहन कमांड अस्पताल पंचकूला पहुंचे। इससे पहले अनुज का इलाज लेह लद्दाख के एक अस्पताल में चल रहा था। उल्लेखनीय है कि लेह लद्दाख में सेना की गाड़ी खाई में गिरने की घटना में अनुज (21) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी जांघ व रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। अब अनुज की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गांव के सरपंच विनोद ने बताया कि अनुज के पिता बिजेंद्र सिंह भी आर्मी में थे। दस साल पहले ड्यूटी के दौरान पिता का निधन हो गया था। 2021 में अनुज आर्मी रिजर्व रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। परिवार में अनुज से बड़ी दो बहनें हैं जो शादीशुदा हैं। जबकि दूसरी मां से एक छोटा भाई भी है। बीते माह अनुज की दादी का निधन हो गया था। 26 जुलाई को अनुज छुट्टी काट कर ड्यूटी पर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने अनुज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।