संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। रानी तालाब के पास स्थित एसडी स्कूल के सामने शुक्रवार दोपहर को एक निजी बस का स्टीयरिंग फेल हो गया, जिससे बस सडक़ के बीच में ही खड़ी हो गई। गनीमत रही कि बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
जाम लगते देख हांसी, बरवाला, असंध और नरवाना की तरफ जाने वाली बसों के रूट डायवर्ट कर बाहर बाईपास से बसों को भेजा गया। इससे शहर के अंदर के यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे नरवाना की तरफ से जींद आ रही बस का एसडी स्कूल के पास आकर स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया है और वह सडक़े बीचों-बीच खड़ी हो गई। बस की रफ्तार कम थी, इसलिए बस एसडी स्कूल के गेट से टकराने से बच गई और बीच सडक़ पर ही बंद हो गई। बस के बीच रास्ते ही बंद होने के बाद यात्री उतरकर अपने गंतव्य की तरफ चले गए। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, क्योंकि क्रॉसिंग के लिए रास्ता नहीं बचा था। वाहनों की लंबी लाइन लगती देख यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक व्यवस्था को बनाया। इसके बाद जींद बस अड्डे पर एसएस को फोन कर बसों के रूट को डायवर्ट करने के लिए कहा गया।
कई रूटों की बसों को बाइपास से भेजा गया
बस का स्टेयरिंग फेल के कारण लगे जाम से हांसी, बरवाला, नरवाना और असंध की तरफ जाने वाली बसों को शहर के अंदर की बजाय बाहर बाईपास से भेजना पड़ा। कई घंटे के बाद बस को ठीक करवाया गया और वहां से हटवाया गया। इसके बाद बसों को शहर के अंदर से भेजा गया। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। यात्री एसडी स्कूल, पुराना बस अड्डा, सफीदों गेट, सब्जी मंडी, पटियाला चौक पर इंतजार करते दिखे।