जींद। फरवरी माह के अंतिम दिनों में खाटू श्याम मेले के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की मांग उठने लगी है। श्रद्धालु और दैनिक रेलयात्री वेलफेयर एसोसिएशन भी प्रयासरत हो गया है। जनता की मांग को देखते हुए सोनीपत के सांसद ने केंद्रीय रेलमंत्री को पत्र लिखकर इसे नियमित करने का अनुरोध किया है।
जनता की मांग को देखते हुए सोनीपत के सांसद रमेशंचद्र कौशिक ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। सांसद रमेशचंद्र कौशिक ने पत्र में रेलमंत्री को अवगत कराया है कि रेलवे ने फरवरी माह में अंबाला से जोधपुर वाया जीदं, रेवाड़ी, रींगस मार्ग से मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन किया था। ट्रेन का संचालन आठ दिनों के लिए ही हुआ था। क्षेत्र जनता की तरफ से जींद को खाटू श्याम और जोधपुर से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां दर्शन के लिए भी जाते हैं। इस रेल का संचालन होने पर खाटू श्याम और जोधपुर से जींद जुड़ जाएगा और श्रद्धालुओं को भी लाभ होगा। उनका खाटू श्याम जाने का रास्ता आसान हो जाएगा। फिलहाल खाटू श्याम के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं होने से श्रद्धालुओं को आवागमन करने में परेशानी होती है। जोधपुर भी एक पर्यटक क्षेत्र होने के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र भी है और शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी आगे है। ऐसे में जींद को खाटू श्याम और जोधपुर से जोड़ने की अत्यंत आवश्यकता है इसलिए जनता की पुरजोर मांग को देखते हुए खाटू श्याम मेले पर चलाई गई 09737-38 अंबाला-जोधपुर को नियमित करने का अनुरोध रेलमंत्री से किया है। सांसद का कहना है कि ट्रेन के नियमित होने से रोहतक और जींद के लोगों को खाटू श्याम के लिए सीधी मिलेगी और रेलवे का भी राजस्व बढ़ेगा।