संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। उचाना कलां क्षेत्र के किसानों को खेतों तक आने-जाने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसटीपी के पास बने अंडरपास के पीछे बड़ौदा की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते में सीवरेज का गंदा पानी जमा होने के कारण दलदल जैसी स्थिति बन गई है।
इससे किसानों को अपने खेतों तक सुरक्षित पहुंचने में कठिनाई हो रही है। किसान सुरेंद्र श्योकंद, ईश्वर श्योकंद, प्रदीप और संदीप ने बताया कि रास्ते में पानी भरने के कारण ट्रैक्टर-ट्राली कई बार पलटने के कगार पर पहुंच चुकी है।
धान की कटाई के बाद इसे मंडी तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। इस रास्ते से करीब 40 एकड़ जमीन वाले किसानों को प्रतिदिन खेतों तक आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई बार किसानों के वाहन और ट्रैक्टर-ट्राली को भी नुकसान पहुंच चुका है।
किसानों ने स्थानीय प्रशासन को कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अब किसानों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सीधे शिकायत भेजकर इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
एसडीएम दलजीत सिंह ने बताया कि किसानों की शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के प्रयास में है, ताकि खेतों तक पहुंचने के लिए किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।
किसान आशा कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द ही रास्ते की सफाई और उचित निकासी व्यवस्था कराकर उनके खेतों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करेगा।