जींद। नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में वीरवार शाम मरीज के साथ हुई मारपीट और इलाज में लापरवाही के मामले में शनिवार को जांच शुरू हो गई। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के निर्देश पर सीटीएम मोनिका के नेतृत्व में जांच टीम नागरिक अस्पताल पहुंची। टीम ने पीड़ित सन्नी और उसकी पत्नी भावना को बुलाकर बंद कमरे में बयान दर्ज किए।
घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से भी घटनाक्रम की जानकारी ली। जांच को निष्पक्ष बनाने के लिए अस्पताल प्रशासन से घटना के दौरान की करीब चार घंटे की सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ली गई है।
शनिवार शाम करीब पांच बजे जांच टीम अस्पताल पहुंची। इसके बाद बंद कमरे में जांच प्रक्रिया शुरू की गई। टीम में नागरिक अस्पताल से डॉ. पालेराम और मेडिकल कॉलेज से डॉ. कपूर सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। जांच अधिकारियों ने पीड़ित दंपती से अस्पताल पहुंचने से लेकर सिक्योरिटी गार्ड के साथ हुए विवाद और मारपीट तक की पूरी जानकारी ली।
वहीं, उस समय ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों का पक्ष भी सुना। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि अस्पताल में मरीज के साथ क्या घटनाक्रम हुआ और इलाज में देरी के लिए कौन जिम्मेदार रहा। जांच टीम सभी पक्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी।
डिप्टी स्पीकर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को लगाई थी फटकार
गौरतलब है कि वीरवार शाम रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी सन्नी अपनी पत्नी भावना के साथ मारपीट में घायल होने के बाद नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। उनका आरोप था कि दर्द की दवा मांगने पर सिक्योरिटी गार्ड कपिल ने उनका गला पकड़कर थप्पड़ और मुक्के मारे। शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा और एसपी उपासना यादव अस्पताल पहुंचे थे। पीड़ित दंपती की शिकायत सुनने के बाद डिप्टी स्पीकर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। एसपी ने अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड विक्की और कृष्ण को लाइन हाजिर कर दिया था, जबकि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से हटा दिया गया था।