जींद। खेल विभाग की ओर से जिले में संचालित निजी और ग्राम पंचायत की पांच खेल नर्सरियों को अनियमितताएं मिलने पर बंद कर दिया गया है। जिला खेल अधिकारी कार्यालय की टीम ने पिछले दिनों इन नर्सरियों का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान नर्सरियों में न तो खिलाड़ी मिले और न ही कोच मौजूद थे। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए जरूरी खेल उपकरणों की सुविधा भी उपलब्ध नहीं मिली। जिला खेल अधिकारी कार्यालय की ओर से संबंधित नर्सरी संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
निर्धारित समय में नर्सरी संचालकों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद जिला खेल अधिकारी कार्यालय ने मामले की जानकारी मुख्यालय को भेज दी। मुख्यालय स्तर से अब इन नर्सरियों को बंद करने की कार्रवाई की गई है।
बंद की गई पांच नर्सरियों में नंदगढ़ की बास्केटबॉल, दनौदा कलां की जूडो, जुलाना में क्रिकेट, खरल की हॉकी और सफीदों की बैडमिंटन की नर्सरी शामिल हैं। इन नर्सरियों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अब विभाग की ओर से मिलने वाली डाइट मनी का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसी तरह संबंधित कोच को भी निर्धारित मानदेय नहीं दिया जाएगा।
बाक्स
खेल विभाग की ओर से खेल नर्सरियों में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षित कोच और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। निरीक्षण के दौरान इन सुविधाओं का अभाव मिलने के बाद कार्रवाई की है। नर्सरियों में नियमों के अनुसार खिलाड़ियों और कोच की नियमित उपस्थिति के साथ खेल उपकरणों की उपलब्धता भी जरूरी है।
-रामपाल हुड्डा जिला खेल अधिकारी जींद।