19जेएनडी11: गांव भड़ताना में निर्मित श्मशानघाट का निरीक्षण करते हुए डीओसी सुमन और ट्रेनर जगदीप
जींद। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी की टीम ने गुरुवार को खंड के गांव भड़ताना में नवनिर्मित विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम में शामिल डीओसी सुमन और ट्रेनर जगदीप मोर ने अमृत सरोवर ढाब वाला तालाब, श्मशानघाट, व्यायामशाला, इंडोर जिम, स्कूल और पक्षी रैन बसेरा का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से अमृत सरोवर के निर्माण की गुणवत्ता और जल संग्रहण क्षमता की समीक्षा की। तालाब के किनारे लहलहाते पौधों को देखकर अधिकारी गदगद हुए और स्वयं भी एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डीओसी सुमन ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं बल्कि जलवायु परिवर्तन को रोकने और जल संरक्षण में भी सहायक हैं। इस अवसर पर ग्राम सचिव पवन कटारिया, सरपंच सुखबीर नरवाल, पर्यावरण मित्र संदीप भड़ताना और विशाल नरवाल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।