जींद। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के युवा प्रदेश महासचिव विकास सिहाग ने कहा कि 5 अगस्त को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) के स्थापना दिवस पर छात्र विजय दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के दौरान छात्र हितों, संगठन की मजबूती और आगामी छात्र गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर छात्र साथियों में उत्साह का माहौल है और अधिक से अधिक संख्या में चंडीगढ़ पहुंचकर स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है। विकास सिहाग ने कहा कि कार्यक्रम से पहले उनकी टीम कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। साथ ही विभिन्न छात्र मुद्दों और सरकार की नीतियों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वह 5 अगस्त को चंडीगढ़ पहुंचकर छात्र एकता और संगठन की मजबूती का परिचय दें तथा छात्र हितों की आवाज को और बुलंद करें।