नरवाना। राजीव गांधी सनातन धर्म सहशिक्षा महाविद्यालय में करियर काउंसलिंग एंड गाइडेंस सेल के तत्वावधान में डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल युग में उभरते करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। मंच संचालन और व्यवस्था का दायित्व संजय और कनिका मित्तल ने संभाला। सेमिनार के मुख्य वक्ता केतन सहगल और दीपक ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल मार्केटिंग तेजी से बढ़ता हुआ क्षेत्र है।
उन्होंने कामर्स विभाग के विद्यार्थियों को विशेष रूप से बाजार की मौजूदा जरूरतों, ऑनलाइन ब्रांडिंग और स्टार्टअप की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही विभिन्न सोशल प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन चलाने की तकनीक और उसके माध्यम से स्वयं का ब्रांड या व्यवसाय स्थापित करने के तरीके बताए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी डिग्री प्राप्त करने से पहले ही डिजिटल कोर्स के माध्यम से अपना करियर शुरू कर सकते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि आज का दौर तकनीक और सूचना क्रांति का है। विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल साक्षरता में भी दक्ष होना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर अपने संदेह दूर किए।