संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिछले वर्ष कॉमनवेल्थ गेम्स के 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने वाली एवं अर्जुन अवार्डी गांव निडानी की पहलवान अंशु मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही भारतीय कुश्ती संघ का गठन होगा और हम भारतीय झंडे के नीचे खेलेंगे। कहा कि जो हुआ वह ठीक नहीं हुआ है। भारतीय कुश्ती संघ का जल्द गठन होना चाहिए।
अंशु मलिक ने पिछले वर्ष पांच अगस्त को अपने जन्मदिन के मौके पर कॉमनवेल्थ गेम्स में 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता था। इस पर हरियाणा सरकार ने उनको अर्जुन अवार्ड से नवाजा था। अंशु मलिक को फिलहाल घुटने में चोट लगी है, इसलिए वह आराम कर रही हैं। उनके पिता धर्मबीर ने कहा कि उनकी बेटी जल्द ठीक होगी और फिर से कुश्ती में देश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने भी कहा कि जल्द भारतीय कुश्ती संघ का गठन होना चाहिए ताकि भारतीय खिलाड़ी तिरंगे के नीचे खेल सकें।