जींद। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति को मंच देने के लिए शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं कराने की तैयारी शुरू कर दी है। मेरे सपनों का भारत विषय के तहत 17 से 24 सितंबर तक स्कूल और जिला स्तर पर चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में पहली से आठवीं और नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं। विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 से 21 सितंबर तक विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 22 से 24 सितंबर के बीच जिला स्तर पर प्रतिभागियों की प्रतिभा परखी जाएगी।
जिलास्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2100 रुपये, द्वितीय को 1100 रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थी को 500 रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
17 सितंबर को स्कूल स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को विकसित भारत की संकल्पना से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
रंगोली के लिए राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय एकता, जनकल्याणकारी योजनाएं, भारतीय संस्कृति एवं विरासत और विकसित भारत-2047 जैसे विषय निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थी रंगोली सजाने में फूल, मिट्टी, रेत, चावल, बीज और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करेंगे। प्रतियोगिता में प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति के साथ देश और समाज को लेकर अपने विचार रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
वर्जन
प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने के लिए बेहतर मंच देना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में मंच पर बोलने का आत्मविश्वास बढ़ेगा और झिझक दूर होगी। साथ ही उन्हें देश की सांस्कृतिक विरासत और विकसित भारत की संकल्पना को समझने का अवसर मिलेगा।
-मुन्नी देवी, जिला शिक्षा अधिकारी जींद