बिलंदपुर में विकास कार्यों का लोकार्पण करते निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान।
गन्नौर। निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने बुधवार को गांव बिलंदपुर में 25 लाख रुपये की लागत से पूरे हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 15 लाख रुपये की लागत से बना आंगनबाड़ी केंद्र, पांच लाख रुपये से मुक्तिधाम के दो गेट और पांच लाख रुपये से राजकीय प्राथमिक स्कूल में कराया गया मरम्मत कार्य शामिल है। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। विधायक ने अधिकारियों से बातचीत कर उनके समाधान के निर्देश दिए।
कादियान ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र को चौपाल में शिफ्ट किया गया है। पुराने आंगनबाड़ी केंद्र भवन में लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। इससे गांव के युवाओं, विशेषकर बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि गन्नौर शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन का काम चल रहा है। रेलवे रोड पर फिलहाल परेशानी है, लेकिन इसका भी स्थायी समाधान किया जाएगा। आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इस अवसर पर सरपंच महीपाल, ग्राम सचिव अन्नू कुमारी, आशा वर्कर रीना, नीलम देवी आदि मौजूद रहे।