नरवाना। विधानसभा क्षेत्र के गांव रेवर में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने 41 लाख 88 हजार रुपये की लागत से तैयार चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन कार्यों से गांव में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री ने गांव में 20 लाख रुपये की लागत से बने तालाब के सौंदर्यकरण और रिटेनिंग वॉल का उद्घाटन किया। इसके अलावा पदार्थखेड़ा रोड से संदीप के खेत तक 5 लाख 57 हजार रुपये की लागत से तैयार रास्ते का भी लोकार्पण किया गया।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए 5 लाख रुपये से स्टेडियम के सौंदर्यकरण का कार्य पूरा कराया गया है। वहीं 11 लाख 31 हजार रुपये की लागत से कश्मीर के खेत तक पक्की सड़क का निर्माण भी कराया गया जिसका उद्घाटन मंत्री ने किया।
इस दौरान कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। गांवों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि सड़कों, जल निकासी, खेल मैदान और जल स्रोतों के विकास से गांवों की तस्वीर बदल रही है। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में छोटे-छोटे लेकिन जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि आम लोगों को सीधे लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आगे भी कई विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं जिन पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रजापति, राजेंद्र मलू, सुरेश कश्यप, दयाराम, पिरथी सरपंच बेलरखा, सरपंच रानी देवी मौजूद रहीं।