विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करते विधायक अमरजीत ढांडा, विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा और भाजपा के जिला?
- फोटो : Jind
मुख्यमंत्री मनोहरलाल द्वारा मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 201 करोड़ रुपये से अधिक की 36 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया या। उनके प्रतिनिधि के रूप में जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा और जुलाना के जेजेपी विधायक अमरजीत ढांडा ने शिला पट्टों से पर्दा उठाया। सरल केंद्र परिसर में उद्घाटन और शिलान्यास के पत्थर लगाए गए थे। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजकुमार मोर भी मौजूद रहे।
मेडिकल कॉलेज पर फिर आश्वासन
जींद में बनने वाले मेडिकल कॉलेज को लेकर विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने एक बार फिर लोगों को आश्वासन ही दिया है। उन्होंने कहा कि निर्माण के लिए 650 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
चंडीगढ़ की तर्ज पर किया जा रहा है जींद का विकास
जुलाना से जेजेपी विधायक अमरजीत ढांडा ने कहा कि भाजपा- जजपा गठबंधन की वर्तमान सरकार जींद जिले के विकास की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जब भी उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से बातचीत होती है तो वे हमेशा जींद जिले के विकास कार्यों को लेकर चर्चा करते है। जींद को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
सरल केंद्र में हुआ कार्यक्रम काम के लिए आए लोग हुए परेशान
सरल केंद्र में रखे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ऑनलाइन जुटे हुए थे। इस दौरान अपने काम करवाने के लिए आने वालों को परेशानी झेलनी पड़ी। फर्द निकलवाने पहुंचे कालवा गांव निवासी दीपक व मामन ने बताया कि उन्हें फर्द की सख्त जरूरत है, लेकिन यहां दूसरा ही कार्यक्रम चल रहा है। वहीं शामलो खुर्द गांव निवासी कुसुम और लोहचब गांव निवासी आरती ने बताया कि उन्हें आय प्रमाण पत्र बनवाना है। अब बुधवार को दोबारा इस काम के लिए आना पड़ेगा।