जींद। शहर के इंदिरा बाजार में शुक्रवार सायं को पुलिस ने एक गाड़ी से 100 पीपे वनस्पति घी के बरामद किए हैं। यह नकली है या मिलावटी इसकी जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने मौके पर पहुंच सैंपल ले जांच के लिए लैब में भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर कॉपीराइट एक्ट, ट्रेड मार्क एक्ट व धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट में कुछ व्यापारी राग कंपनी के नाम के मिलते जुलते नाम से वनस्पति घी बेच रहे हैं। शुक्रवार को एक गाड़ी टाटा एस आई है। इसमें लगभग 100 पीपे वनस्पति घी राग के भरे हुए हैं। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छापा मारा और गाड़ी को 100 पीपे राग वनस्पति घी सहित कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा एफएसओ हर्ष कुमारी को मामले की सूचना दी और प्रत्येक पीपे से घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैबोरेटरी भेज दिए। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि इन पीपों में घी असली थी या नकली। उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में नवरंगपुरा रेलवे क्रॉसिंग अहमदाबाद सिटी निवासी आशीष गुप्ता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट, धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
करियाणा स्टोर पर घी उतरने से पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया था। इसके बाद उनकी टीम ने शहर थाने में जाकर घी के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल पाएगा कि पीपों में घी असली है या नकली। जांच रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-डॉ. हर्ष कुमारी, एफएसओ।