फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव ईक्कस मंच तैयार, आज से धरना देगी जाट आरक्षण संघर्ष समिति

विज्ञापन
ईक्कस गांव में गेहूं की कच्ची फसल की कटाई करवाते जाट नेता। - फोटो : bureau
विज्ञापन

विज्ञापन

प्रदेश भर में रविवार से शुरू हो रहे जाट आरक्षण आंदोलन के तीसरे चरण के लिए एक ओर जहां जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने शनिवार को ईक्कस गांव में टेंट लगाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया, वहीं प्रशासन ने भी गांव-गांव घूमकर लोगों से शांति की अपील की। स्वयं डीसी विनय सिंह और एसएसपी शशांक आनंद ने इसके लिए नरवाना उपमंडल के कई गांवों का दौरा किया। नरवाना में पुलिस ने भी फ्लैग मार्च निकालकर अपनी ताकत दिखाई। दूसरी ओर कई खाप नेताओं ने भी धरने का समर्थन किया है। प्रशासन ने जिले भर में धारा 144 लगा दी है। गौरतलब है कि अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने रविवार से धरना देने की घोषणा की है। इसके चलते शनिवार को ईक्कस गांव में धरना स्थल के लिए गेहूं की कच्ची फसल की कटाई की गई। दोपहर बाद यहां जाट आरक्षण संघर्ष समिति के नेताओं ने अपनी मौजूदगी में टेंट लगवाया। अब कुछ नेता शाम को ही धरना स्थल पर कैंप करेंगे। समिति के जिलाध्यक्ष वीरभान ढुल के अनुसार धरना शांतिपूर्ण रहेगा।

अधिकारी बोले अदालत में है मामला, आंदोलन का नहीं कोई मतलब
आरक्षण आंदोलन को लेकर शनिवार को डीसी विनय सिंह और एसएसपी शशांक आनंद डूमरखा खुर्द, धरौदी, धमतान, कालवन गांवों में जाकर लोगों से सहयोग की अपील की। डीसी विनय सिंह ने कहा कि आरक्षण का मामला हाईकोर्ट में लंबित है। इसमें ना कुछ प्रशासन कर सकता है और ना ही आप लोग। इसलिए आरक्षण की मांग को लेकर धरना देने का कोई मतलब नहीं है। सरकार ने आरक्षण आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों को 15 दिन में नौकरी देने की घोषणा की है और जो लोग जेलों में बंद हैं, आम माफी के तहत उनके केसों पर भी सहानुभूति पूर्वक विचार किया जा रहा है। इस दौरान एसएसपी शशांक आनंद ने कहा कि यदि कोई कानून की उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए प्रशासन का सहयोग करें और प्रशासन आपका सहयोग करेगा।
विज्ञापन


शहर में निकाला फ्लैग मार्च
जाट आरक्षण को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है और किसी प्रकार की अनहोनी ना हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त कर लिए हैं। इसी को लेकर शहर में पुलिस प्रशासन और अधिकारियों द्वारा शहर थाना प्रभारी रावीश कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च विश्वकर्मा चौक से गुजरता हुआ पूरे शहर में निकाला गया। फ्लैग मार्च के द्वारा शहर की आम जनता को भी सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।


जिले में लगाई धारा 144
आंदोलन को देखते हुए डीसी विनय सिंह ने जिले भर में धारा 144 लगा दी है। इसके तहत अगले आदेशों तक कोई भी हथियार लेकर चलना मना है। इस दौरान बिना प्रशासन की अनुमति के मीटिंग करने पर भी रोक रहेगी।

आदर्श जाट महासभा करेगी आंदोलन
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के ऐलान के बीच ही आदर्श जाट महासभा ने भी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पवनजीत बनवाला ने कहा कि पांच मार्च को नरवाना में बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा। इस दिन देश भर से जाट नेता एकत्रित होंगे। यदि सहमति बनी तो इसी दिन आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च कर प्रशासन जाटों को डराने का प्रयास कर रहा है, लेकिन इससे जाट समाज के लोग डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जाट समाज के लोग मुकदमों से नहीं डरते, सरकार के लिए बड़ा फाइल लगा ले।

बिनैण खाप के लोगों की मीटिंग
खपों द्वारा आंदोलन का समर्थन नहीं करने के फैसले के बीच नरवाना के हरियल रेस्ट हाउस में बिनैण खाप के कुछ लोगों की मीटिंग हुई। बैठक में रंगीराम नैन ने कहा कि वे अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के आंदोलन का समर्थन करते हैं और ईक्कस गांव के धरने में शामिल होंगे। यदि जरूरी हुआ तो अन्य जगहों पर भी धरने दिए जाएंगे। इस दौरान रामकला नैन, कृष्ण दनौदा, बिंद्र, जसबीर लोन, सुनील धरोदी मौजूद रहे।

तीसरी आंख रहेगी आंदोलनकारियों पर नजर
आंदोलनकारियों पर नजर रखने के लिए प्रशासन कैमरे का भी सहारा लेगा। एसएसपी शशांक आनंद के अनुसार शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। जो भी उपद्रवी व हिंसा फैलाने का काम करेगा उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस इस वीडियो को साक्ष्य के रूप में प्रयोग करेगी। वहीं सोशल मीडिया पर भी भड़काऊ संदेश डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एसएसपी 8814011500 मोबाइल नंबर भी जारी किया है। इस पर कोई भी जानकारी दी जा सकती है।

होमगार्ड को दी लाठ चलाने की ट्रेनिंग
इसी बीच हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन मैदान में शनिवार को 456 होमगार्ड को लाठी चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह होमगार्ड कर्मी पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर स्थिति संभालेंगे।

खापों के नाम पर राजनीति कर रही है सरकार
सरकार खापों के नाम पर राजनीति कर रही है। हो सकता है कुछ खापों के नेताओं ने आंदोलन का समर्थन नहीं किया हो, लेकिन नरवाना क्षेत्र की कई खाप हमारे साथ हैं। पांच फरवरी को आंदोलन शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन

-  डॉ. पवनजीत बनवाला, राष्ट्रीय अध्यक्ष आदर्श जाट महासभा।

 प्रशासन सतर्क
प्रशासन हर तरह से नजर बनाए हुए है। शांतिपूर्ण आंदोलन करना लोकतंत्र में अधिकार है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई ऐसा करता है प्रशासन सख्ती से निपटेगा। हालात को नियंत्रित करने के लिए जिले भर में धारा 144 लगा दी गई है।
- विनय सिंह, डीसी

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें