जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। चुनाव मेंं एक-एक वोट का महत्व होता है, इसलिए 25 मई के को मतदान अवश्य करें, मगर वोट करने जाते समय अपने साथ ऐसी चीजें या सामान लेकर न जाएं जिन पर चुनाव आयोग ने प्रतिबंध लगाया है।
डीसी ने कहा कि मतदान करना हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। इसे हमें पूरा करना चाहिए। पांच साल बाद मिलने वाले इस मौके के हमें नहीं गंवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक चीजें, पेन, पेंसिल, तंबाकू उत्पाद लेकर जाना सख्त मना है। मतदान करने जाते समय अपने साथ केवल वोटर आईडी ही लेकर जाएं।
मतदान करवाने में सेक्टर ऑफिसर की होगी अहम भूमिका
जींद। डीआरडीए सभागार में वीरवार को सेक्टर ऑफिसर के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें उनको प्रोजेक्टर के माध्यम से मतदान के पहले दिन व मतदान वाले दिन उनकी ड्यूटी से अवगत करवाया गया।
एडीसी डाॅ. हरीश वशिष्ठ ने कहा कि चुनाव की घोषणा होने के साथ ही सेक्टर ऑफिसर का कार्य शुरू हो जाता है। मतदान शुरू होने से लेकर मतदान संपन्न होने तक उनकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र पर बिजली, पानी, रैंप व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने में सेक्टर ऑफिसर का अहम योगदान होता है। यदि किसी पोलिंग बूथ पर मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं तो उनके बारे में सेक्टर ऑफिसर तुरंत प्रभाव से अपने संबंधित एआरओ को सूचित करें। सेक्टर ऑफिसर मतदान से एक दिन पहले अपने-अपने पोलिंग बूथों का निरीक्षण करें। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों के मतदान केंद्रों पर रवानगी के दौरान उनको बसों के रूट चार्ट का पता होना चाहिए। पोलिंग पार्टियों की रवानगी होने व बस के पोलिंग बूथ तक पहुंचने की सूचना अपने एआरओ को देनी होगी। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन मॉक पोल समय पर करवाना व उसकी रिपोर्ट भी तुरंत प्रभाव से अपने संबंधित एआरओ को देनी है। इस अवसर जींद के एसडीएम राकेश सैनी, नरवाना के एसडीएम अनिल कुमार दून, सफीदों के एसडीएम मनीष कुमार फोगाट, जिला राजस्व अधिकारी राज कुमार, नायब तहसीलदार चुनाव प्रदीप सरोहा मौजूद रहे।
प्रशासन से अनुमति लेकर मतदान केंद्रों के पास छबील लगाएं संस्थाएं
जींद। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने सामाजिक संस्थाओं से आह्वान किया कि वे गर्मी को ध्यान में रखकर 25 मई को होने वाले मतदान के दिन जिला प्रशासन से अनुमति लेकर मतदान केंद्रों से निर्धारित दूरी पर पानी की छबील लगाएं, ताकि मतदाताओं को गर्मी की मार से बचाया जा सके।
जुलाना के एआरओ एवं एडीसी डाॅ. हरीश वशिष्ठ ने जुलाना विधानसभा के तहत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों व सामाजिक संस्थाओं से कहा कि अगर किसी भी मतदाता को प्यास लगती है तो उनके लिए सभी मतदान केंद्रों पर जिला प्रशासन की अनुमति लेकर ठंडे पानी की छबील अवश्य लगाएं। मतदान करते समय अपने साथ बच्चों को न लाएं, सिर पर कपड़ा, छाता या अन्य सुविधानुसार गर्मी से बचाव का प्रबंध करके ही आएं।
23जेएनडी03: कार्यशाला में भाग लेते हुए एडीसी डाॅ. हरीश वशिष्ठ व अन्य अधिकारी। संवाद