जींद। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को सिरे चढ़ने की जानकारी सांसदों और विधायकों तथा डीसी स्तर के शीर्ष अधिकारियों को भी नहीं मिल रही है। ऐसे अधिकारियों को सोनीपत लोकसभा क्षेत्र सांसद रमेशचंद्र कौशिक ने शुक्रवार को स्पष्ट शब्दों में साफ कहा कि भविष्य में केंद्र की योजनाओं के बारे में जानकारी मुहैया नहीं कराई तो अंजाम ठीक नहीं होगा।
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर जींद के चारों तरफ बिछाए गए राष्ट्रीय राजमार्गों और रेल मार्गों के कारण अब इस क्षेत्र के द्वार उद्योगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। सांसद ने यह बात शुक्रवार को जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए की। बैठक में जींद भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा, जुलाना विधायक अमरजीत ढांडा, डीसी डॉ. मनोज कुमार, भाजपा जिला प्रधान राजू मोर, राज सैनी, अमरपाल राणा सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
‘बीएसएनएल की सेवाएं खराब, तकनीकी खामी दूर करवाई जाए’
सांसद ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की इंटरनेट सेवा पर असंतुष्टि जाहिर करते हुए कहा कि आधुनिक समय में इस तरह की सेवाएं काफी निराशाजनक है। बीएसएनल की कई जगह न तो स्पीड आती है और न ही नेटवर्क रहता है। इस पर तकनीकी कार्यों का इस्तेमाल कर इनको दुरुस्त किया जाए। अधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी नेटवर्क उपलब्ध होना चाहिए। इस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि जिला में लगभग सभी गावों को इंटरनेट सेवाएं प्रदान कर पंचायतों को इससे जोड़ा गया है। यह कार्य अब तक सीएससी सेंटरों के माध्यम से करवाया गया है, जहां तकनीकी इंटरनेट सेवाओं में किसी प्रकार की कोई खराबी है उसको दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने जिला में बनाए जा रहे अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों के निर्माण और सौंदर्यकरण को लेकर भी जानकारी ली और निर्देश दिए कि बरसात का सीजन खत्म हो गया है, जहां जो कार्य अधर में लटके हैं, उन्हे जल्द पूरा करवाएं।
सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत कार्यों की मांगी रिपोर्ट
सांसद ने कहा कि जिला में जितने भी सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत कार्य हुए है, उनकी रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने उज्जवला योजना,अटल पेंशन, पीएम आवास योजना, सर्व शिक्षा अभियान जैसी अनेकों कार्य योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों के स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बनाए गए भवनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिस पर सीएमओ डॉ मंजू कादयान ने सांसद को बताया कि जिला में हाल ही में बनाए गए शामलो, रामराय तथा करसिंधु गांवों में जो भी भवन बने है, उनको विभाग द्वारा हैंड ओवर कर लिया गया है और लोगों को इसकी जल्द सुविधाएं मिलनी शुरू हो जांएगी।
रेलवे और एनएचएआई अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
सांसद ने कहा कि जींद से रोहतक नेशनल हाईवे का कार्य जल्द ही पूरा करवाएं और जींद में बने बाईपास पर लाइट लगवाई जाए। नरवाना बाईपास हाईवे पर रात को लाइट नहीं जलती जबकि ग्रामीण क्षेत्र में लाइटें जलती है। शहर की तरफ भी लाइटें जलनी चाहिएं। उन्होंने संबंधित अधिकारी से जल्द लाइट चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में बन रहे रेलवे अंडर ब्रिज का कार्य तेजी से करवाएं ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा चाबरी और खरकरामजी तथा भंभेवा गांवों में बनने वाले रेलवे हाल्ट के लिए जगह का उचित निरीक्षण करे और वहां जल्द ही हाल्ट बनाए। इसके अलावा चाबरी व खरकरामजी तथा भंभेवा गांवों में बनने वाले रेलवे हाल्ट के लिए जगह का उचित निरीक्षण करें और वहां जल्द ही हाल्ट बनाए।