सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में आ भी तक गेहूं की खरीद नहीं शुरू होने पर सड़क जाम करके बैठे सफीदों के
- फोटो : Jind
पुरानी अनाज मंडी में अब तक गेहूं की खरीद नहीं होने से परेशान किसानों और आढ़तियों ने शुक्रवार को गोहाना-सफीदों रोड को जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक जाम लगने से यहां काफी वाहन चालक परेशान रहे। आढ़तियों और किसानों ने सरकार व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद आढ़ती खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय में अधिकारियों से बातचीत करने पहुंचे। यहां काफी देर तक अधिकारियों व आढ़तियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जाम की सूचना मिलने के बाद मार्केट कमेटी सचिव जगजीत सिंह व शहर थाना प्रभारी अब्बास खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आढ़तियों को समझाने की कोशिश की। मार्केट कमेटी सचिव ने पांच बजे तक खरीद शुरू करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलाया।
आढ़ती विपिन जैन, विपुल जैन, बृजमोहन तायल, बिंटा जैन, प्रवीन जैन, अक्षय, रोशनलाल, राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पुरानी अनाज मंडी में अभी तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है। मंडी गेहूं से अटी पड़ी है। हर दिन मौसम खराब होने के कारण उन्हें गेहूं खराब होने की संभावना है। 20 अप्रैल को वह मार्केट कमेटी सचिव से भी मिले थे। उन्होंने जल्द खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया था। आज तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो पाई है।
नहीं मिले हैं अभी तक आईडी और पासवर्ड
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक संदीप लाठर ने कहा कि पुरानी अनाज मंडी को सरकार ने डीनोटिफाई कर दिया था। कोरोना के चलते इसे खरीद केंद्र बनाया गया है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से खरीद शुरू करने के लिए आईडी और पासवर्ड मांगा था। लेकिन अभी तक दोनों नहीं मिला है। आईडी और पासवर्ड के बिना गेहूं का उठान नहीं हो सकता। शुक्रवार शाम तक आईडी और पासवर्ड मिल सकते हैं। इसके बाद खरीद शुरू कर दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण के चलते पुरानी अनाज मंडी को डीसी से मंजूरी लेकर खरीद केंद्र बनाया है। अभी तक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को खरीद के लिए आईडी और पासवर्ड नहीं मिले हैं। शुक्रवार शाम को यह मिलने की संभावना है। जाम का मामला भी उच्च अधिकारियों के संज्ञान में डाल दिया गया है।
जगजीत सिंह, मार्केट कमेटी सचिव।