संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि अधिकारी समय पर ही लोगों की शिकायतों का समाधान करें। अक्सर अधिकारी बैठक के दो दिन पहले ही शिकायतकर्ता के घर पहुंच जाते हैं और शिकायत का समाधान करने का हवाला देकर शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर करवा लेते हैं या फिर दो दिन पहले ही समस्या का समाधान कर देते है। अगर ऐसा हुआ तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ये बातें मंगलवार को डीआरडीए हॉल में आयोजित जिला परिवेदना समिति की बैठक में अधिकारियों निर्देश देते हुए कहीं। बैठक में 16 शिकायतें आईं जिनमें 10 का समाधान मौके पर किया गया।
अक्सर अधिकारी बैठक के दो दिन पहले ही शिकायतकर्ता के घर पहुंच जाते हैं और शिकायत का समाधान करने का हवाला देकर शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर करवा लेते हैं या फिर दो दिन पहले ही समस्या का समाधान कर दिया जाता है। ऐसा नहीं होना चाहिए। जब पहली बार शिकायत आए तभी उसका समाधान करना चाहिए। उन्होंने शिकायतों की जांच एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ को सौंपी है। डीसी इमरान रजा को भी आदेश दिया कि वह ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई करें जो शिकायतों को लंबित रखते हैं। कहा कि प्रदेश में लगातार बिजली को लेकर बड़े सुधार किए जा रहे हैं। घरों की छतों से जाने वाली तारों को शिफ्ट किया जा रहा है। जोहड़, स्कूलों, घरों की छतो और पार्क में ऊपर से जाने वाली तार स्थानांतरिंग किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत करोड़ों रुपये का खर्चा आएगा।
उन्होंने कहा कि लाल डोरे से तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाली ढाणी, डेरे को बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे और तीन किलोमीटर दायरे से बाहर रहने वाले गांवों के घरों में भी बिजली पहुंचाई जाएगी। जिला के कारागारों में भी काफी सुधार किया गया है। वहां बिजली, पीने का साफ व स्वच्छ पानी जैसी सुविधाओं में इजाफा किया गया है। बंदियों को पोषण युक्त खाना दिया जा रहा है। कारागार के अंदर पेड-पौधे लगाकर सुंदर वातावरण तैयार किया गया है। बंदियों के लिए लाइब्रेरी, संगीत यंत्र, डाक्टरों की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। इस मौके पर जुलाना विधायक अमरजीत ढांडा, एसपी सुमित कुमार, एसडीएम डॉ. पंकज सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजू मोर, शुगर मिल के एमडी प्रवीण कुमार, जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण, नगरायुक्त सुरेंद्र बेनिवाल, सफीदों के एसडीएम मुनीष फोगाट, उचाना एसडीएम गुलजार मलिक, अमरपाल राणा, डॉ. राज सैनी मौजूद रहे।
बॉक्स
मनोहर सरकार में हो रहा समान विकास
मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के समान विकास हो रहा है। सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने के लिए डिजिटल प्रणाली को अपनाया है। पारदर्शी व निष्पक्ष व्यवस्था के लिए जरूरी है कि तकनीक का ज्यादा से ज्यादा उपयोग हो। पोर्टल के माध्यम से किसानों को राहत मुआवजा सीधा खाते में भेजा गया , पोर्टल के माध्यम से ही घर बैठे पात्र नागरिकों की पेंशन बन कर पहुंच रही है। पोर्टल के माध्यम से ही देश भर के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशि सीधे बैंक खाते में भेजी जा रही है ।