18जेएनडी07 : पत्रकारों से बातचीत करते बजरंग गर्ग व अन्य लोग। संवाद
जींद। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि यदि सरकार अग्रोहा धाम को विशेष पैकेज दे तो अग्रोहा धाम देश की आर्थिक राजधानी से कम नहीं होगा, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण कई बार घोषणा होने के बावजूद अग्रोहा धाम आज तक रेलमार्ग से नहीं जुड़ा है। सरकार ने अग्रोहा टीले की खुदाई करवाने की जो घोषणा की है, उस पर तुरंत काम शुरू होना चाहिए। बजरंग गर्ग बुधवार को यहां एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
गर्ग ने कहा कि 29 अक्तूबर को अग्रोहा धाम में महाकुंभ वार्षिक मेला लगेगा। इसमें देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में लोग आएंगे। इसमें महामंडलेश्वर कुमार स्वामी, उड़ीसा के राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, डॉ. सुभाष चंद्रा समेत अनेक फिल्मी व टीवी कलाकार आएंगे। गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो अग्रोहा विकसित करने व महाराजा अग्रसेन के महल को जो कि टीलें के रूप में बदल चुका है, इसकी खुदाई करने के निर्णय से चौमुखी विकास होगा। सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार तुरंत यह काम शुरू करना चाहिए। अग्रोहा को विकसित करने के लिए सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ना चाहिए। अग्रोहा में कई साल से बस अड्डा बनने के बावजूद भी शुरु नहीं हुआ है। केंद्र सरकार अनेक बार अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन आज तक यह काम नहीं हो पाया। यदि सरकार यहां पर सभी प्रकार की यातायात व अन्य सुविधाएं प्रदान करे तो यहां पर अरबों-खरबों का पूंजी निवेश हो सकता है। अग्र समाज के अनेक लोग यहां पर अपने उद्योग लगाने का इंतजार कर रहे हैं। इसलिए सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर कंप्यूटर, अग्रोहा धाम वैश्य समाज के जिला प्रधान ईश्वर गोयल, एसडी स्कूल प्रधान श्रीचंद जैन, अग्रोहा धाम जिला सचिव पवन गर्ग, युवा प्रधान नीरज गोयल, उपप्रधान रामनिवास मित्तल, शहरी प्रधान अशोक गोयल, आशीष गोयल, आशीष जिंदल, लोकेश जैन भी मौजूद रहे।
18जेएनडी07 : पत्रकारों से बातचीत करते बजरंग गर्ग व अन्य लोग। संवाद