18जेएनडी10: उपमंडल कार्यालय में अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए एसडीएम गुलजार मलिक। संवाद
उचाना। उपमंडल कार्यालय में एसडीएम गुलजार मलिक की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि उपमंडल स्तर पर एक कमेटी सभी स्कूलों की बसों की जांच नहीं की जा सकती, इसलिए त्वरित जांच के लिए प्रतिनिधियोंं की सब कमेटी का गठन किया गया। सब कमेटी में इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, रोडवेज से सब इंस्पेक्टर वीरभान, पीजीटी नगूरां अशोक सैनी, टीजीटी सुरबरा महेंद्र को शामिल किया गया है। दोनों कमेटी स्कूल-स्कूल जाकर 27 सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के विभिन्न बिंदुओं की जांच करके जांच रिपोर्ट तैयार करेंगी। कोई भी स्कूल किसी भी प्रकार की यातायात संबंधित लापरवाही में पाया गया तो उसकी मान्यता रद्द करने के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। जांच कमेटी ये सुनिश्चित करेंगी कि जांच करते समय छात्रों को बसों से न उतारा जाए। अध्याकों के साथ सम्मान पूर्वक व्यवहार किया जाए। जिन बसों का ब्योरा विभाग के पास उपलब्ध है उनका सख्ती से निरीक्षण करें, ताकि कनीना जैसी घटना दोबारा न दोहराई जाए।
एसडीएम गुलजार मलिक ने कहा कि मीटिंग में मामला संज्ञान में आया कि उचाना उपमंडल में जितने भी अवैध रूप से किड्स-प्ले स्कूल संचालित किए जा रहे है, उनमें छोटे बच्चों को नियमों का उल्लंघन कर बिना किसी सुविधा के एक कमरे में बैठा दिया जाता है। त्वरति संज्ञान लेते हुए ऐसे स्कूलों के बारे में सीडीपीओ अलेवा एवं उचाना की कमेटी एसडीएम को जांच करके रिपोर्ट देगी। खंड शिक्षा अधिकारी उचाना एवं अलेवा को निर्देश दिए गए कि वे अपनेे-अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर सुनिश्चित करें कि स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें ही पढ़ाई जाएं। किसी भी प्रकार की वर्दी एवं पुस्तकों के लिए दुकान विशेष का नाम स्कूल चिह्नित न करें। इस अवसर पर डीएसपी उचाना नवीन सिंधु, बीईओ उचाना पुष्पा रानी, बीईओ अलेवा विनय जिंदल, सतीश कुमार एसएस रोडवेज मौजूद रहे।
18जेएनडी10: उपमंडल कार्यालय में अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए एसडीएम गुलजार मलिक। संवाद