23जेएनडी 02: अपराजिता कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी वर्कर्स । संवाद
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुधवार को डीआरडीए के सभागार में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन करवाया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर महिला बाल विकास विभाग की अधिकारी कांता यादव व साइबर थाना प्रभारी पूजा जाखड़ रहीं। विशिष्ट अतिथि वन स्टॉप सेंटर संचालिका राजवंती रहीं। इसमें महिलाओं को उनके अधिकार व कार्यस्थल और घर पर होने वाले उत्पीड़न के अतिरिक्त साइबर ठगी से बचने की जानकारी दी।
इसमें महिला बाल विकास विभाग की अधिकारी कांता यादव ने महिलाओं को कार्यस्थल व घरेलू हिंसा के कारण होने वाले उत्पीड़न से बचने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार समाज में मिल रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों की महिलाओं के प्रति मानसिकता आज भी प्राचीन है। महिलाओं के साथ घर में व कार्यस्थल पर हिंसा होती है। इन हिंसाओं को रोकने के लिए महिलाओं को अपनी आवाज को बुलंद करने की जरूरत है। जब भी कहीं ऐसी घटना होती है तो उसका कड़ा विरोध करना चाहिए। इसके बाद निशुल्क नंबर पर पुलिस को कॉल कर मामले की जानकारी दें। अगर उत्पीड़न को लेकर महिलाओं ने अपनी आवाज बुलंद नहीं की तो वह बड़े अपराध के रूप में बदल जाएगा। इसमें वन स्टॉप सेंटर इंचार्ज राजवंती ने उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को नागरिक अस्पताल स्थित वन स्टॉप सेंटर में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
इस दौरान साइबर थाना प्रभारी पूजा जाखड़ ने बताया कि आज हर व्यक्ति व महिला के हाथ में मोबाइल है। आज के समय मोबाइल के माध्यम से साइबर फ्रॉड हो रहे हैं। अगर आप साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं, तो सबसे पहले नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके उसको रिपोर्ट करें। अगर 1930 पर फोन नहीं उठाया जाता है तो साइबर क्राइम की वेबसाइट पर रिपोर्ट करें। उन्होंने कहा कि जागरुकता के अभाव में आजकल लोगों के साथ तेजी से स्कैम हो रहे हैं। लोग अनजाने में ऐसी लिंक पर क्लिक कर देते हैं या ऐसे एप डाउनलोड कर लेते हैं और फिर उनका सारा निजी डाटा अपराधियों के पास चला जाता है। इसलिए किसी भी लिंक या एप को डाउनलोड करने से पहले यह जरूर जांच लें कि वो लिंक सही है भी या नहीं। उन्होंने कहा कि शेयर मार्केट से बहुत सारे फर्जी एप्लीकेशन हैं, जो लोगों के निवेश किए गए रुपयों की ठगी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल फोन पर पार्ट टाइम नौकरी के बहुत सारे संदेश आते हैं। इसमें लिखा होता है घर बैठे 20 से 30 हजार कमाओ। यह मैसेज केवल ठगी के लिए होते हैं। इसलिए इस तरह के मैसेज पर दी गई किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
आजकल बहुत सारे लोगों को काॅल आता है कि आपके नाम से एक पार्सल मिला है। इसमें ड्रग्स, फर्जी पासपोर्ट, फर्जी सिम मिले हैं और कॉल करने वाला अपने आपको पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बन के वीडियो कॉल करता है। आप कॉल से इतने डर जाते हैं कि एक-एक करके जालसाजों द्वारा मांगी जा रही जानकारियों को उनसे साझा करते हैं। फिर वह आपसे ही मांगी गई जानकारी से आपको गिरफ्तारी का वारंट दे देता है। जब भी कभी ऐसा हो तो आप घबराएं नहीं और ऐसे नंबरों को ब्लॉक कर दें या फोन काट दें। आपकी जागरुकता ही आपको इस तरह की ठगी से बचा सकती है। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर इंचार्ज राजवंती, खंड प्रोजेक्ट अधिकारी राजरानी, पोषण स्टॉप से सत्यावती व अनिता, सुपरवाइजर सोनिया और रेणू मौजूद रही।
23जेएनडी 02: अपराजिता कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी वर्कर्स । संवाद