21 जुलाना 03: कार्यक्रम में भाग लेते श्रद्धालुगण।स्रोत: आयोजक
जुलाना। कस्बे के हांसी रोड स्थित नव निर्मित भव्य परशुराम मंदिर में रविवार को मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्राह्मण सभा के प्रधान देवेंद्र शर्मा ने की। वहीं पूर्व सांसद रमेश चंद्र कौशिक, बादली के विधायक कुलदीप वत्स तथा हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन-यज्ञ के बीच भगवान परशुराम की प्रतिमा की स्थापना की गई। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों का आना-जाना लगा रहा और भंडारे का भी आयोजन किया गया। ब्राह्मण सभा के प्रधान देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य करीब एक वर्ष पूर्व शुरू किया गया था जिसे समाज के लोगों और दानदाताओं के सहयोग से पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि मंदिर के निर्माण पर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत आई है। मंदिर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया गया है, जिससे यह क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हो गया है।
मुख्य अतिथि सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थल समाज को एकता, संस्कार और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए मंदिर को समाज की आस्था का केंद्र बताया।