प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सपने देखना है तो बड़े देखें, तभी तो उन्हें पूरा करोगे। बड़े सपने देख कर उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास मन में होना चाहिए।
बिना आत्मविश्वास के कोई मंजिल नहीं मिल सकती। पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया जैसी अनेकों मुहिम शुरू की है। एक मुहिम जो सबसे अलग है वो बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ।
यह मुहिम बेटों के मुकाबले कम हो रही बेटियों की संख्या पर जो कलंक देश के माथे पर लगा है उसे धोने के लिए अश्वमेद्य यज्ञ है। वह बीरेंद्र सिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
वित्त मंत्री ने कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन को बदलने का काम करती है। एक रिपोर्ट में लिखा है कि अगर भारत में महिलाओं को आगे आने के अवसर मिले तो हम 25 सालों में चीन, अमेरिका से आगे निकल जाएंगे। अब केंद्र, प्रदेश में ताकत इस क्षेत्र को मिली है। जितनी ताकत आज इस क्षेत्र के पास है उतनी शायद कभी न होगी। इसलिए इस क्षेत्र को हर मामले में सबसे आगे लेकर जाएंगे। जो मौका अब मिला है वह छोड़ने का नहीं है। कैप्टन अभिमन्यु ने 11 लाख रुपये की राशि संस्थान को देने की घोषणा की।
पढ़ाई की नहीं होती कोई उमर
विधायक प्रेमलता ने कहा कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती है। कैप्टन अभिमन्यु मंत्री होते हुए आज भी पढ़ाई कर रहे है। नर्सिंग कोर्स ऐसा कोर्स है जिससे रोजगार निश्चित रूप से मिलती है। उचाना जैसे पिछड़े क्षेत्र में शिक्षा के स्तर बढ़ाने के लिए बीरेंद्र सिंह की इच्छा थी।
जनता के बीच कभी-कभी दिखाई देते हैं बिश्नोई
हजकां सुप्रीमो कुलदीप बिश्नोई द्वारा भाजपा सरकार पर एक साल के कार्यालय में लोगों को पागल बनाने के बयान पर बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई कभी-कभी जनता के बीच दिखाई देते हैं।
सरकार ने एक साल के कार्यालय में एक भी भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया। इनेलो की रैली में शामिल हुए अकाली दल के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल द्वारा 11 सालों में प्रदेश में विकास नहीं होने के बयान पर वित्त मंत्री ने कहा कि सुखबीर बादल को दस साल कहना था, लेकिन वो गलती में 11 साल बोल गए, इस बात पर वो सफाई दे चुके हैं। विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला द्वारा बिजली के बढ़े दाम कम नहीं होने पर बिल नहीं भरने के बयान पर वित्त मंत्री ने कहा कि हरियाणा में गैर जिम्मेदार राजनीति करने के तौर पर जाने जाने वाले लोग है। खोई हुई राजनीति जमीन को तलाश करने में लगे हुए हैं।