जींद। हाइड्रोजन ट्रेन का सोनीपत रूट पर संचालन सोमवार को एक बार फिर प्रभावित हो गया है। ट्रेन के इंजन में हाइड्रोजन गैस नहीं डाले जाने के कारण निर्धारित ट्रायल को रोकना पड़ा। तकनीकी कारणों और गैस आपूर्ति में आई बाधा के चलते रेलवे अधिकारियों को यह निर्णय लेना पड़ा। इससे ट्रायल प्रक्रिया में देरी हो रही है।
हाइड्रोजन प्लांट में समय पर गैस तैयार नहीं हो पा रही है। इसके चलते ट्रेन को रवाना नहीं किया जा सका। इससे पहले भी गैस उत्पादन में आ रही दिक्कतों के कारण ट्रायल कई बार प्रभावित हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार बाहरी स्रोतों से गैस मंगवाने की प्रक्रिया में भी समय लग रहा है। इससे ट्रायल का शेड्यूल लगातार प्रभावित हो रहा है।
रविवार को हाइड्रोजन ट्रेन ने सोनीपत रूट पर एक सफल चक्कर लगाया था। इस दौरान ट्रेन की परफॉर्मेंस और तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई थी। उम्मीद जताई जा रही थी कि आने वाले दिनों में ट्रायल नियमित रूप से जारी रहेगा। इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि जल्द ही गैस आपूर्ति को सुचारु कर ट्रायल को फिर से शुरू किया जाएगा।