किसानों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा की क्रमिक भूख हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। मंगलवार को भूख हड़ताल पर निडाना गांव के वीरेंद्र सिंह और कुलदीप सिंह को किसान नेता भरत सिंह खटकड़ ने माला पहना कर अनशन पर बैठाया।
किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष फूलसिंह श्योकंद और भरत सिंह खटकड़ ने बताया कि किसानों का क्रमिक अनशन छठे दिन में प्रवेश कर गया, लेकिन प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। किसान सभा ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि कपास, ग्वार, बाजरे की बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी को सार्वजनिक किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों के साथ पहले की तरह धोखाधड़ी ना हो।
उन्होंने कहा कि जिले की सभी मंडियों में धान की खरीद में भारी लूट की जा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार इसके प्रति गंभीर नहीं है। आगामी आंदोलन की तैयारी को लेकर किसान सभा के जिला प्रधान रोहताश नगूरां के नेतृत्व में मंगलवार को विभिन्न मंडी का दौरा किया गया। मंडियों के दौरे में जय भगवान, सूरजभान, आजाद सिंह, भरत सिंह खटकड़, राजकुमार ललित खेड़ा शामिल थे।