जींद। शहर के सेक्टर 6, 7, 8 व 9 में कूड़ा उठान को लेकर एचएसवीपी (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) ने तैयारी शुरू की है।
चारों सेक्टरों से डोर टू डोर कूड़ा उठान को लेकर एचसवीपी की ओर से नगर परिषद को पत्र लिखा जाएगा। ऐसे में सेक्टरवासियों को काफी राहत मिलेगी। इन सेक्टरों के 2500 घरों से रोजाना सात हजार किलो कूड़ा निकलता है।
अभी इन सेक्टरों में कूड़ा उठान की व्यवस्था नहीं होने के चलते सेक्टरवासी मजबूरी में निजी सफाई कर्मी को 100 रुपये देकर कूड़ा उठवा रहे हैं। निजी सफाई कर्मी रेहड़ी और ट्रैक्टर ट्रॉलियों से जो कूड़ा उठा रहे हैं, उसे पेरीफेरी रोड पर ही डाल रहे हैं।
वहीं पर कूड़े में आग लगा देते हैं, जिससे वाहन चालक व सेक्टरवासी परेशान हैं। लंबे समय से सेक्टरवासी सेक्टरों से कूड़ा उठान को लेकर प्रयासरत हैं। पिछले साल जून में सेक्टरवासियों ने एचएसवीपी के सीए (चीफ एडमिनिस्ट्रेटर) के साथ बैठक की थी। इसके बाद जुलाई में समाधान शिविर में भी सेक्टरवासियों ने अधिकारियों से कूड़ा उठान की समस्या के समाधान को लेकर मांग की थी। सेक्टर आठ के प्रधान सतबीर बांगड़, जगबीर सूरा, अमित मोर, पाल सहारण, संदीप बुआना, सेक्टर छह प्रधान डॉ. संजय शर्मा व उपप्रधान सुशील रोहिल्ला ने कहा कि सेक्टरों में घरों से निकलने वाला कूड़ा रेहड़ी व ट्रैक्टर ट्रॉलियों वालों द्वारा पेरीफेरी रोड पर ही डाल दिया जाता है। इससे सेक्टरवासियों के बीमार होने का डर बना रहता है। गंदगी के ढेर में डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारी फैलने का डर बना रहता है।
अब एचएसवीपी की ओर से कूड़ा उठान को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। इससे जल्द ही सेक्टरवासियों की इस समस्या का समाधान होने के आसार हैं। अगर कूड़ा उठान की समस्या का समाधान होता है तो सेक्टरवासियों को काफी राहत मिलेगी।