जींद। जिले की कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा का जिम्मा जिन कंधों पर है वही खुद की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरत रहा है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में फायर सेफ्टी के नाम पर लगाए गए अग्निशमन सिलिंडर 19 दिसंबर 2024 से एक्सपायर हो चुके हैं।
अग्निशमन सिलिंडर की एक्सपायरी को 13 माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आज तक न तो इन्हें बदला गया और न ही रिफिल कराया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि जो विभाग खुद अपनी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रहा, वह आम नागरिकों की सुरक्षा का भरोसा कैसे दिला सकता है।
एसपी कार्यालय जिले का सबसे संवेदनशील और व्यस्त कार्यालय माना जाता है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। इसके अलावा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्टाफ और अन्य विभागों के लोग भी लगातार आते-जाते रहते हैं। बावजूद इसके यहां फायर सेफ्टी के बुनियादी मानकों की अनदेखी हो रही है।
कार्यालय के अलग-अलग हिस्सों में लगाए गए अग्निशमन सिलिंडर सिर्फ दीवारों पर टंगे शो-पीस बनकर रह गए हैं। 19-12-2024 से एक्सपायर हो चुके यह सिलिंडर किसी भी आपात स्थिति में आग बुझाने में पूरी तरह से नाकाम साबित होंगे।
समाप्त हो जाता है प्रेशर
एक्सपायर फायर सिलिंडर में प्रेशर खत्म हो जाता है और साथ ही केमिकल निष्क्रिय हो सकता है और जरूरत पड़ने पर सिलिंडर काम ही नहीं करता। कई मामलों में तो एक्सपायर्ड सिलिंडर खुद ही खतरा बन जाते हैं और फटने की आशंका भी बनी रहती है। यदि किसी कारणवंश एसपी कार्यालय में आग लग जाती है तो इन एक्सपायर सिलिंडरों से आग बुझाने की उम्मीद करना खुद को धोखे में रखने जैसा होगा। इससे जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और सरकारी फाइलें भी आग की भेंट चढ़ सकती हैं, जिससे प्रशासनिक कामकाज ठप हो सकता है।
नहीं देता कोई ध्यानसरकारी कार्यालयों में फायर सेफ्टी को लेकर समय-समय पर मॉक ड्रिल, उपकरणों की जांच और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें पुलिस की बड़ी भागीदारी होती है, लेकिन एसपी कार्यालय में न तो सिलिंडरों की वैधता पर ध्यान दिया गया और न ही किसी प्रकार की चेतावनी व्यवस्था नजर आती है।
यह कार्यालय पीडब्लयूडी के अधीन आते हैं। पीडब्ल्यूडी की ही इन सिलिंडरों को समय पर बदलवाने की जिम्मेदारी है। इस गंभीर लापरवाही पर संबंधित विभाग को एक्सपायर फायर सिलिंडरों को बदलवाने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि किसी भी घटना होने पर बचाव किया जा सके। इसके लिए विभाग से जवाब भी मांगा जाएगा।
- सुखबीर यादव, जिला अग्निशमन अधिकारी जींद।
03जेएनडी29: एसपी कार्यालय में लटका एक्सपायर फायर सेफ्टी सिलिंडर। संवाद