सड़क पर बने गड्ढे का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी व जमा लोग।
- फोटो : Jind
जींद। मिनी बाईपास पर एक दिन पहले बनाई गई सड़क बुधवार को दो जगहों से धंस गई। इस रोड से हर दिन हजारों वाहन निकलते हैं, लेकिन गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
गौरतलब है कि मिनी बाईपास पर भी अमरूत योजना के तहत पाइप लाइन डाली गई है। इसके बाद इस सड़क को पीडब्ल्यूडी बीऐंडआर द्वारा बनाने का काम शुरू किया गया है। मंगलवार को यहां तारकोल की परत डाली गई, लेकिन बुधवार दोपहर को दो जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इसके बाद शाम के समय जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बीऐंडआर के जेई व अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
हर्बल पार्क की पाइप लाइन में लीकेज से बना गड्ढा
यहां पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतीश नैन ने बताया कि यहां से हर्बल पार्क के लिए नहरी पानी की लाइन जा रही है। इसमें लीकेज के चलते यह गड्ढा बना है, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि जब पाइप लाइन में लीकेज थी तो इसे बंद किए बना सड़क कैसे बना दी गई।
होगी कार्रवाई
यह मामला पता चलते ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। इसकी जांच करवाई जाएगी, जिसकी भी लापरवाही रही है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. आदित्य दहिया, डीसी।