नरवाना। एसडी महिला महाविद्यालय में बुधवार से दो दिवसीय इंटर कॉलेज सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हुई। एसडीएम अनिल दून ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करवाया। पहला मैच हिंदू कन्या महाविद्यालय जींद और एसडी महिला कॉलेज नरवाना के बीच हुआ जिसमें हिंदू कॉलेज की टीम ने एसडी कॉलेज को हराया।
कबड्डी प्रतियोगिता में हिंदू कॉलेज की टीम ने 28 अंक बनाए जबकि एसडी कॉलेज की टीम 13 अंकों पर ही सिमट गई। यह मैच हिंदू कॉलेज की टीम ने 15 अंकों से जीत लिया। दूसरा मुकाबला राजकीय कॉलेज जींद तथा एसडी कॉलेज नरवाना के बीच हुआ। इसमें एसडी कॉलेज की टीम ने 23 अंक बनाए जबकि जींद के राजकीय कॉलेज की टीम दस अंक बना सकी। यह मुकाबला एसडी कॉलेज ने 13 अंकों से जीत लिया। तीसरा मुकाबला आरजीएम उचाना व राजकीय कॉलेज जींद के बीच हुआ। इसमें जींद की टीम ने 22 अंक बनाए जबकि उचाना की टीम 15 अंक बना सकी। यह मुकाबला जींद की टीम ने सात अंकों से जीत लिया। फाइनल मुकाबला वीरवार को एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना तथा हिंदू कॉलेज जींद की टीमों के बीच होगा।
एसडीएम अनिल दून ने कहा कि खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और खिलाड़ियों के बीच भावात्मक एकता बढ़ती है। प्राचार्य डॉ. अंजना लोहान ने कहा कि उनके कॉलेज के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी नाम रोशन कर रहे हैं। इस मौके पर डॉ. नयनदीप, डॉ. शालू सचदेवा, डॉ. प्रफुल्ल आर्या, कोच रामपाल जींद, अशोक समैन, डॉ. कृष्ण श्योकंद, संदीप, सुखबीर, जितेन्द्र, सुनिल, मीना, मनीषा नैन व वेद प्रकाश मौजूद थे।