नरवाना। सच्चाखेड़ा रोड पर वीरवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में उगालन निवासी महिला मूर्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया।
पुलिस को दी शिकायत में दबलैन गांव निवासी नरेश ने बताया कि वह बीमार पत्नी कोमल को इलाज के लिए ऑटो में उगालन लेकर जा रहा था और उसमें सास मुर्ति, बेटा अभिषेक और चालक रामनिवास सवार थे। जब वह सच्चाखेड़ा गांव से थोड़ा आगे निकले तो पीछे से एक कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। इसके बाद राहगीरों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मूर्ति को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दनौदा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित नरेश की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।