जींद। उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ई-स्वास्थ्य धाम एप बनाया है। इस एप का उद्देश्य तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल और निगरानी करना है। चार धाम यात्रा करने वाले श्रद्धालु इस एप पर अपना पंजीकरण करवाएं ताकि उनको किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़ ने बताया कि यह चार धाम यात्रा पहले ही शुरू हो चुकी है, इसलिए इस यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व है। इसी के चलते ई-स्वास्थ्य धाम एप की सुविधा शुरू की गई है। लाखों श्रद्धालु चार धाम की यात्रा पर जाते हैं। ऐसे में तीर्थ यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल और निगरानी करना जरूरी है। यात्रा के दौरान यदि कोई भी प्रतिकूल स्थिति पैदा होती है तो समय रहते उसका समाधान किया जा सकेगा, इसलिए प्रत्येक तीर्थयात्री को इस एप की जानकारी होनी जरूरी है, ताकि तीर्थयात्री इस पर अपना पंजीकरण करवा सकें।