जींद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरकरामजी के अंतर्गत बराह कलां गांव में स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को रैपिड फीवर मास सर्वे अभियान चलाया। स्वास्थ्य सुपरवाइजर तेजवीर सिंह व विजेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान सोनू, संत कुमार, जितेंद्र सैनी, अमित, संदीप व संजय ने गांव के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया। इस दौरान बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी रक्त पट्टिका बनाई गई ताकि मलेरिया जैसी बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सके। स्वास्थ्य सुपरवाइजरों ने नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के लक्षणों की जानकारी दी। तेजवीर सिंह ने बताया कि ठंड के साथ तेज बुखार आना, थकावट और सिरदर्द इसके मुख्य लक्षण हैं। संवाद