04जेएनडी15 : नागरिक अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में बनाया गया कोरोना वार्ड। संवाद
जींद। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्क हो गया है। नागरिक अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वार्ड बना दिया है। फिलहाल इस वार्ड में 14 बेड लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर बेडों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण दिखाए देंगे, उनके सैंपल करवाए जाएंगे। नागरिक अस्पताल में औसतन 50 के आसपास सैंपल लिए जा रहे हैं।
एक बार फिर से कोरोना की आहट को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। एक साल से बंद पड़े कोरोना वार्ड को फिर से तैयार किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में कोरोना वार्ड तैयार किया गया है। इसमें फिलहाल 14 बेड लगाए गए हैं। इन बेडों की संख्या आवश्यकतानुसार 80 तक की जा सकती है। फिलहाल अन्य बेड दूसरे मरीजों के लिए प्रयोग किए जा रहे है। वहीं अब संभावित लक्षण वाले मरीजों के सैंपल लेने का काम भी शुरू हो गया है। सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों को निर्देश जारी किए हैं कि यदि कोई संभावित लक्षण वाला व्यक्ति ओपीडी में आए तो उसकी कोरोना जांच जरूर करवाई जाए। वीरवार को 60 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा के अनुसार कोरोना जांच करवा सकता है।
अब तक हो चुकी है 553 लोगाें की मौत
जिले में अब तक कोरोना संक्रमण 553 लाेगों की जान ले चुका है। स्वास्थ्य विभाग अब तक पांच लाख 53 हजार 557 लोगों के सैंपल ले चुका है। इनमें से अब तक 25990 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 25 हजार 437 लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल जिले में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं है।
नागरिक अस्पताल में कोरोना वार्ड तैयार कर दिया है। यहां 14 बेड की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। यदि जरूरत पड़ी तो और बेडों की व्यवस्था भी कर दी जाएगी। चिकित्सकों को कोरोना के संभावित लक्षणों वाले लोगों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। सैंपल की संख्या बढ़ाई जा रही है।
डॉ. गोपाल गोयल, सिविल सर्जन।