29जेएनडी04 : पीआईजी महाविद्यालय में छात्रो के स्वास्थ्य की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
जींद। प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार को एनएसएस यूनिट-एक और यूनिट-दो ने स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर में छात्राओं ने रक्तचाप, शुगर स्तर, हीमोग्लोबिन जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। नागरिक अस्पताल के डॉ. रमेश पांचाल और उनकी टीम ने छात्राओं को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
प्राचार्य जय नारायण गहलावत ने स्वयंसेवकों को सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य युवाओं में समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है और ऐसे आयोजन नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
एनएसएस प्रभारी डॉ. प्रीति और डॉ. मोनिका ने पूरे कार्यक्रम का समन्वय किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मूलमंत्र सेवा परमो धर्म तभी सार्थक होता है जब युवा समाजहित में आगे आते हैं। अंत में प्राचार्य ने दोनों इकाइयों और सभी स्वयंसेवकों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।