07जेएनडी05: हर्बल पार्क में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में जांच करवाने के लिए पहुंचे शहरवासी
जींद। जेसीआई एल्यूमिनी क्लब जींद रीजन की ओर से रविवार को हर्बल पार्क में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 132 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। सभी प्रतिभागियों के खाली पेट रक्त के नमूने लिए गए जिन्हें विभिन्न जांचों के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में नागरिक अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसर मनीषा बरसाना मौजूद रहीं।
उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
क्लब पदाधिकारियों ने मनीषा बरसाना को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। क्लब के जनसंपर्क अधिकारी अशोक खरब ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय रहते बीमारियों की पहचान में मदद करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष प्रमोद कुमार, प्रकल्प निदेशक प्रवीण गौतम, प्रवीण सैनी, रोहित जिंदल, नितिन गोयल, आयुष बंसल, आशा गौतम, आशीष सिंगला सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।