संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना/नरवाना। जींद में जो मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग बन रही है, वह गुरुग्राम से भी ऊंची होगी। हरियाणा की सबसे ऊंची सरकारी बिल्डिंग जींद के हैबतपुर गांव में बन रही है। यह बिल्डिंग 19 मंजिल की है। ये बातें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बड़नपुर गांव में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कहा कि पहले कोई बीमार हो जाता था नागरिक अस्पतालों से अग्रोहा, रोहतक पीजीआई, चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया जाता था। मेडिकल कॉलेज की नींव इस सरकार में रखी गई। मेरा प्रयास है कि इस साल मेडिकल कॉलेज में ओपीडी शुरू करवा देंगे ताकि यहां उपचार शुरू हो सकें। जींद विश्वविद्यालय में 240 बीएएलएलबी की सीटें आई हैं। कभी जींद के अंदर इस तरह के बदलाव देखे थे। यहां पहले हाईवे तक नहीं बना करते थे। अब कई-कई हाईवे हो चुके हैं।
एक देश एक चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह अच्छी शुरूआत है, इस पर चर्चा होगी। मेरा बिल मेरा अधिकारी की शुरूआत गुरुग्राम से की गई है, जो अच्छी शुरूआत है। अपना बिल पोर्टल के ऊपर अपलोड करके निर्धारित पुरस्कार हर तीन माह में लॉटरी के माध्यम से जीत सकता है। डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारे युवा साथियों को कांग्रेस के लोग वानर सेना बताते थे। अब कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला इतना बहक चुके है कार्यकर्ताओं को राक्षस कह रहे हैं।
बॉक्स
सार्वजनिक कार्यों को पूरा करने का दिया आश्वासन
नरवाना। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नरवाना में सभा को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से की गई तालाब सुंदरीकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, सीएचसी के भवन की मरम्मत , डिजिटल लाइब्रेरी में आरओ तथा सोलर सिस्टम लगवाने की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उपमुख्यमंत्री ने गांव बेलरखां में शहीद शोभित के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सरकार व प्रशासन की तरफ से हर सम्भव सहायता प्रदान करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के गांव फरैण कलां तथा कालवन में भी ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। प्रत्येक गांव में ग्रामीणों की मांगों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक कार्य की फिजिबिलिटी चेक करवा ली जाएगी और सभी तकनीकी औपचारिकताएं एवं कायदे पूरा मिलने पर कार्यों को अमली जामा पहनाने का काम किया जाएगा। इस अवसर पर हरियाणा खादी एवं ग्रामों उद्योग के चेयरमैन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, जिला अध्यक्ष कृष्ण राठी, पूर्व प्रधान बिट्टू नैन, जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, जिला पार्षद गुरमेल ढाबी, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य नंदलाल शर्मा, सीमा बददोवाल, बीडीपीओ हनीश कुमार मौजूूद रहे।