17जेएनडी21: राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप में गोल का प्रयास करते खिलाड़ी। स्रोत कोच
जींद। बिहार के राजगीर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सीनियर रग्बी सेवन प्रतियोगिता में हरियाणा की महिला टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। टीम की इस सफलता में जींद की मिनाक्षी और नरवाना की मानसी ने अपने शानदार खेल कौशल से अहम योगदान दिया। अब रैंकिंग सुधारने के लिए हरियाणा टीम का मुकाबला कर्नाटक की टीम से होगा।
फरीदाबाद खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड ने बताया कि हरियाणा की टीम ने लीग चरण की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की। पहले मैच में हरियाणा ने तेलंगाना को 29-0 के अंतर से धूल चटाई। हालांकि, दूसरे लीग मैच में टीम को दिग्गज ओडिशा से 27-0 से हार का सामना करना पड़ा। अगले ही मैच में टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए छत्तीसगढ़ को 10-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल और फिर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने टीम को वीडियो कॉल कर बधाई दी। उन्होंने रैंकिंग मैच के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य के मैचों के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला सोनीपत सचिव नरेंद्र मोर ने बताया कि खेल मंत्री के प्रोत्साहन से टीम का मनोबल काफी बढ़ा है।
टीम कोच अमन मलिक ने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने ओडिशा जैसी मजबूत टीम को कड़ी टक्कर देकर यह साबित कर दिया है कि वे किसी से कम नहीं हैं। पिछले एक दशक से दबदबा रखने वाली टीमों के खिलाड़ी अब कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं ताकि रैंकिंग में पोडियम के करीब पहुंच सकें।