संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। हरियाणा राज्य पेंशनर्स समाज की प्रांतीय बैठक राज्य प्रधान देवराज नांदल व चेयरमैन मेहर सिंह नैन की अगुवाई में सोमवार को सैनी धर्मशाला में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधान सत्यवान शर्मा ने की। इसमें पेंशनर्स समाज ने सरकार से अपना हक मांगा। महासचिव अर्जुन सैनी, वरिष्ठ उपप्रधान ईश्वर सिंह शर्मा, सुरेंद्र वर्मा, भलेराम बूरा भी शामिल रहे।
बैठक में पेंशनर्स समाज ने लंबित मांगों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया। पेंशनर्स समाज के हितों, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बारे गहन मंथन किया गया। मंच संचालन जिला महासचिव अर्जुन सैनी ने किया। पेंशनर्स समाज के संगठन की मजबूती के लिए प्रांतीय प्रधान देवराज नांदल ने कहा कि राज्य में छह जोन बनाए जाएं और हर तिमाही जोन कार्यकारिणी की बैठक की जाए। राज्य कार्यकारिणी की छह माह में बैठक हो। इसके अलावा ज्वाइंट एक्शन कमेटी रिटायर्ड कर्मचारी हरियाणा के साथ मिलकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का फैसला भी लिया गया। हिसार और रोहतक के सफल धरना-प्रदर्शन के बाद ज्वाइंट एक्शन कमेटी के तत्वावधान में अब 9 अगस्त को होने वाले गुरुग्राम में कमिश्नरी लेवल पर धरना-प्रदर्शन के बारे में अवगत कराया गया। पेंंशनर्स समाज ने अभी तक लंबित मांगें न मानने के बारे में सरकार के प्रति नाराजगी भी प्रकट की और सरकार से आग्रह किया कि लंबित मांगों को जल्द क्रियान्वित कर पेंशनर्स को राहत प्रदान करे। प्रांतीय महासचिव भरत सिंह पूनिया, प्रेमसिंह बांगड़, एसएस बांगा, ईश्वर सिंह सैनी, सत्यवान मुदगिल, योगाचार्य जोरासिंह आर्य, रामजीलाल रावत, धनपति हुड्डा मौजूद रहे।